प्रतिभा सुविधाओं की मोहताज नहीं होती:कलावती यादव

WhatsApp Channel Join Now
प्रतिभा सुविधाओं की मोहताज नहीं होती:कलावती यादव


उज्जैन, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार को भविष्य से भेंट कार्यक्रम अन्तर्गत जिले के शासकीय स्कूलों में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उनसे पढ़ाई के बारे में चर्चा की वहीं उनके अपने विचार एवं सुझाव जाने।

कार्यक्रम अन्तर्गत शा.उत्कृष्ट उमावि,माधवनगर में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने कहाकि प्रतिभाएं सुविधाओं की मोहताज नहीं होती है। कक्षा दसवीं के पश्चात विषय चयन को लेकर संवाद करते हुए कहाकि आपके द्वारा चयनित विषय आनके भविष्य की बुनियाद बनेगा। प्रत्येक विद्यार्थी को लक्ष्य निर्धारण कर अपनी मेहनत, ईमानदारी से सभी परीक्षाओं में उच्च अंक लाकर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करना है।

शा.उमावि, माधवगंज के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए महापौर मुकेश टटवाल ने कहाकि जीवन में एक सच्चा दोस्त, हमारी किताबें होती है। इसलिए किताबों का साथ कभी न छोड़े। एमआईसी सदस्य कैलाश प्रजापत, विद्यालय प्राचार्य बृजमोहन सिंह परिहार भी उपस्थित थे।

संभाग आयुक्त आशीष सिंह शा.जाल सेवा निकेतन स्कूल में बच्चों से चर्चा करने और मार्गदर्शन देने के लिए पहुंचें। वहीं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने शा. मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ढांचा भवन पहुंचे। उन्होने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। भविष्य में परीक्षाओं की तैयारी और अपने करियर के बारे में योजना बनाने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।

जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट ने शा.नूतन कन्या उमावि,इंदिरा नगर में कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों से विद्यार्थी जीवन में सफलता के सूत्र साझा किए- पाठ्यक्रम दिसंबर तक पूर्ण करना, चैलेंजेस लेना और सीखने की ललक होना,जीवन के उतार एवं चढ़ाव से तालमेल बनाते हुए खुश रहना। उन्होने विद्यालय को नैतिक शिक्षा की पुस्तके भेंट की।

नगर निगम के अपर आयुक्त सह आयएएस संतोष टैगोर ने कानीपुरा रोड स्थित शा. नवीन कन्या उमावि,क्षीरसागर के विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें पढऩे के सिद्धांतों के बारे में जानकारी दी। कहाकि नियमित रूप से कक्षा में उपस्थित हों। अनुशासन का पालन करें। प्रतिदिन लिखकर अभ्यास करने की आदत डालें और भविष्य में जिस विषय को लेकर आगे बढऩा है,उस बारे में अभी से लक्ष्य तय कर लें। प्राचार्य सपना गौठवाल भी उपस्थित थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story