म.प्र.: सिस्टम बेअसर इसलिए नहीं हुई बारिश, नौतपा की कमजोर शुरुआत


भोपाल, 26 मई (हि.स.)। उत्तर भारत में सक्रिय जिस पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते दो दिनों से मध्यप्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही थी, उसका असर कम हो गया है, जिसके चलते बारिश नहीं हुई। इसके बावजूद प्रदेश में नौतपा की शुरुआत कमजोर रही है और कई जिलों में तापमान में गिरावट देखी गई। इधर, मौसम वैज्ञानिक 29 जून से एक और सिस्टम के एक्टिव होने की बात कह रहे हैं, जिसके कारण जून की शुरुआत भी आंधी-बारिश से ही होगी।
मध्यप्रदेश में नौतपा के पहले दिन पारा 4.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। शुक्रवार को भी मौसम की ऐसी ही तस्वीर देखने को मिलेगी। मौजूदा सिस्टम का असर कम है। इस कारण बारिश होने के आसार कम है, लेकिन 29 मई से फिर एक सिस्टम एक्टिव हो रहा है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एच.एस. पांडे ने बताया कि उत्तरी भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है, लेकिन इसकी अप्रोच कम है। यानी, मध्यप्रदेश में असर ज्यादा नहीं है। इस कारण गुरुवार को बारिश नहीं हुई। शुक्रवार को भी दोपहर तक मौसम साफ रहेगा। इसके बाद बादल छाएंगे, लेकिन बारिश होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। 29 मई को एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आ रहा है। इसमें बारिश बारिश होगी और यह जून के पहले सप्ताह तक एक्टिव रह सकता है।
नौतपा के पहले दिन लुढ़का पारा
गुरुवार को नौतपा के पहले दिन मध्यप्रदेश में कम गर्मी रही। ज्यादातर शहरों में पारे में दो से 4.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। भोपाल में पारे में 2.9 डिग्री की कमी देखने को मिल और यहां तापमान 38.8 डिग्री पर पहुंच गया। ग्वालियर में 38 डिग्री रहा और 2.5 डिग्री की गिरावट हुई। इसी तरह इंदौर में पारा 37.4 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि एक दिन पहले तापमान 38.6 डिग्री था। जबलपुर में पारा 39.3 डिग्री रहा, जो एक दिन पहले 41.8 डिग्री था। चार दिन से सबसे गर्म खजुराहो में पारे में 4.5 डिग्री की गिरावट हुई। यहां गुरुवार को तापमान 40.5 डिग्री रहा। गुरुवार को नरसिंहपुर में सबसे ज्यादा 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जबकि सबसे कम 32.2 डिग्री रहा।
भोपाल, विदिशा में चली आंधी
राजधानी भोपाल और विदिशा में गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब तीन बजे आंधी चली। करीब दो घंटे तक मौसम ऐसा ही रहा। इस दौरान हल्की बारिश भी हुई। आंधी और बारिश के चलते शहर की कई कॉलोनियों में बिजली गुल हो गई। कुछ जगहों पर पेड़ गिरने की सूचना भी है। वहीं विदिशा में आंधी चलने से पूरे शहर की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार/ केशव/मयंक
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।