राजगढ़ः कलेक्टर ने की स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, लापरवाही पर जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः कलेक्टर ने की स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, लापरवाही पर जताई नाराजगी


राजगढ़, 02 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बुधवार को स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति और मैदानी कार्यों की समीक्षा की। स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के साथ प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने टीकाकरण एवं संस्थागत प्रसव से जुड़े हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन कर पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने को कहा। उन्होंने सभी सीएचओ को राजगढ़ मुख्यालय बुलाकर कार्यों की समीक्षा तथा एनसीडी पोर्टल पर अनिवार्य डेटा एंट्री कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं की आवश्यकता के अनुसार ही सोनोग्राफी कराने के निर्देश दिए। अनुमति के बावजूद सोनोग्राफी सेवाएं शुरू नहीं करने वाले निजी चिकित्सकों एवं केंद्रों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और नर्सिंग होम-सोनोग्राफी केंद्रों के नियमित निरीक्षण को कहा। सामान्य एवं गंभीर कुपोषित बच्चों के डाटाबेस की सख्त मॉनिटरिंग करने के साथ दवाओं, विशेषकर एंटीबायोटिक्स की उपलब्धता और वितरण की जानकारी संधारित करने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story