राजगढ़ः स्वास्थ्य विभाग पर कलेक्टर सख्त, नसबंदी व प्रसूति भुगतान में लापरवाही पर वेतन रोका

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः स्वास्थ्य विभाग पर कलेक्टर सख्त, नसबंदी व प्रसूति भुगतान में लापरवाही पर वेतन रोका


राजगढ़, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा का संवाद से समाधान जनसुनवाई में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी शिकायतों पर कड़ा रुख देखने को मिला। हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ नहीं मिलने और अधिकारियों की लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने कई कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुजनेर में नसबंदी ऑपरेशन के बाद हितग्राही को प्रमाण-पत्र जारी नहीं किए जाने की शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित बीई भावना मेवाड़े की एक वेतनवृद्धि रोकने और उन्हें पद से हटाने के निर्देश दिए गए। सारंगपुर अस्पताल में नसबंदी प्रोत्साहन राशि के भुगतान में देरी की शिकायत पर जांच के बाद संबंधित संविदा लेखापाल और बीई की एक-एक वेतनवृद्धि रोकने के आदेश दिए गए। वहीं सिविल अस्पताल सारंगपुर के एक अन्य प्रकरण में भुगतान किया जाना पाया गया।

इकलेरा में प्रसव के बाद हितग्राही को भुगतान नहीं मिलने के मामले में समग्र आईडी में त्रुटि सामने आई। इस पर कलेक्टर ने नरसिंहगढ़ के बीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए शाजापुर कलेक्टर को पत्र भेजने के निर्देश दिए। साथ ही प्रकरण का समय पर फॉलोअप नहीं करने पर नाराजगी जताते हुए हितग्राही को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भोपाल के सुल्तानिया महिला चिकित्सालय में प्रसव उपरांत प्रोत्साहन राशि लंबित रहने की शिकायत पर संबंधित एएनएम की लापरवाही पाए जाने पर उनकी एक वेतनवृद्धि रोकने और वेतन से दस हजार काटकर हितग्राही को भुगतान कराने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित सभी पांच शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जवाबदेही तय करने और समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवाद से समाधान के माध्यम से आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण कर प्रशासन पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील शासन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story