राजगढ़ः स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मरीजों को मिले बेहतर इलाज-राज्यमंत्री टेटवाल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मरीजों को मिले बेहतर इलाज-राज्यमंत्री टेटवाल


राजगढ़, 13 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का शनिवार को प्रदेश सरकार के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के वार्ड, ओपीडी, जांच केंद्र, दवा वितरण कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। राज्यमंत्री टेटवाल ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा की तथा उपचार और सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच के लिए रजिस्टर का अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी डॉक्टर और कर्मचारी निर्धारित समय पर अपनी सेवाएं दें। स्वास्थ्य सेवाओं में अनुशासन और जवाबदेही जरूरी है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

राज्यमंत्री ने ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या, विभिन्न रोगों के उपचार और जांच व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में स्थापित अत्याधुनिक जांच मशीन का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। मंत्री टेटवाल ने दवाओं के स्टॉक और भंडारण व्यवस्था की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि जीवनरक्षक और नियमित उपयोग की सभी आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी मरीज को दवा के अभाव में परेशानी न हो। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story