जबलपुरः स्वरा भास्कर के कथित बयान पर करणी सेना ने जताई आपत्ति, एसपी से शिकायत
जबलपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। अभिनेत्री स्वरा भास्कर के फिल्म ‘पद्मावत’ और जौहर प्रथा को लेकर दिए गए कथित बयान पर करणी सेना परिवार ने कड़ी आपत्ति जताई है। मध्य प्रदेश के जबलपुर में संगठन के जिला विधि सलाहकार अपूर्वा सिंह राजपूत ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर अभिनेत्री के खिलाफ जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
करणी सेना परिवार का आरोप है कि स्वरा भास्कर ने सार्वजनिक मंच पर जौहर प्रथा को कथित तौर पर गलत तरीके से प्रस्तुत किया है। संगठन का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से राजपूत समाज की वीरांगनाओं के ऐतिहासिक बलिदान और उनकी भावनाओं का अपमान होता है।
शिकायत में कहा गया है कि जौहर प्रथा को मध्यकालीन परिस्थितियों के संदर्भ में देखा जाना चाहिए। संगठन के अनुसार, उस दौर में विदेशी आक्रमण, गुलामी और बलात उत्पीड़न से बचने के लिए महिलाओं द्वारा किए गए जौहर को ऐतिहासिक बलिदान के रूप में देखा जाता है। करणी सेना का आरोप है कि इस ऐतिहासिक संदर्भ को नजरअंदाज कर जौहर को गलत रूप में प्रस्तुत करना समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है।
संगठन ने पुलिस अधीक्षक से अभिनेत्री द्वारा दिए गए कथित बयान की तथ्यात्मक जांच कराने की मांग की है। साथ ही शिकायत में बयान की प्रकृति और उसके प्रभाव को देखते हुए संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।
करणी सेना परिवार ने कहा कि ऐतिहासिक चरित्रों और परंपराओं को लेकर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करते समय तथ्यों और सामाजिक भावनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। संगठन ने पुलिस से शिकायत पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

