राजगढ़ःअनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई-पंचायत सचिव व ग्राम रोजगार सहायक निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःअनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई-पंचायत सचिव व ग्राम रोजगार सहायक निलंबित


राजगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शासकीय योजनाओं एवं पंचायत कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने मंगलवार को कड़ी कार्रवाई की है। पंचायत सचिव और रोजगार सहायक को निलंबित कर दिया गया है।

दरअसल, जनपद पंचायत खिलचीपुर की ग्राम पंचायत हालाहेडी में पदस्थ सचिव लखनसिंह खींची द्वारा पंचायत कार्यों में गंभीर अनियमितताएं किए जाने का मामला सामने आया था। जांच में पाया गया कि सचिव ने नियम विरुद्ध तरीके से बालाजी ट्रेडर्स, ब्यावराकलां (प्रोप्राइटर कुशल सिंह दांगी, सरपंच पुत्र) को वेंडर बनाकर राशि का आहरण किया,जबकि जांच में यह फर्म मौके पर संचालित नहीं पाई गई। अनियमितताओं को देखते हुए सचिव लखनसिंह खींची को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

इसी प्रकार, जनपद पंचायत राजगढ़ की ग्राम पंचायत हिनोती में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायक देवेंद्र शर्मा पर भी कार्रवाई की गई है। उनके द्वारा पूर्व पदस्थापना ग्राम पंचायत काशीखेड़ी, जनपद जीरापुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत समान नाम वाले दूसरे हितग्राही को लाभ पहुंचाते हुए राशि में अनियमितता करने का प्रकरण सामने आया। इस पर उन्हें निलंबित कर जनपद पंचायत राजगढ़ से संबद्ध कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story