अनूपपुर: दो दिन में मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के 19 नमूने जांच के लिए भेजे

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: दो दिन में मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के 19 नमूने जांच के लिए भेजे


अनूपपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कलेक्टर रत्नाकर झा के निर्देश पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को कोतमा शहर के विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर 9 एवं अनूपपुर में 10 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि कोतमा स्थित जैन नमकीन से नमकीन, खोवा बर्फी एवं मलाई लड्डू, आजाद चौक स्थित मिठास प्रतिष्ठान से काजू बर्फी, पेड़ा एवं कलाकंद तथा हीरा स्वीट्स, आजाद चौक से हॉर्लिक्स बर्फी एवं चमचम के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं एक दिन पूर्व अनूपपुर नगर के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जिसमें जोधपुर मिष्ठान भंडार, भगवान स्वीट्स एंड डेयरी, चेतना नगर तथा केड़िया पेट्रोल पंप के समीप स्थित करणी बीकानेर स्वीट्स एंड नमकीन की जांच की गई। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है।

जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं विनियम, 2011 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का विक्रय करने तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story