सागर: कलेक्टर ने चितौरा में उचित मूल्य दुकान और स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सागर: कलेक्टर ने चितौरा में उचित मूल्य दुकान और स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण


सागर, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मंगलवार को चितौरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक अमले और संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया।

चितौरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को दिए जा रहे राशन की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने दुकान के वास्तविक स्टॉक, वितरण पंजी (रजिस्टर) और ई-पॉस (e-POS) मशीन के आंकड़ों का बारीकी से मिलान किया। समीक्षा के दौरान शासकीय अभिलेखों में कुछ विसंगतियां और कमियां पाई गईं, जिस पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित दुकान प्रभारी को फटकार लगाते हुए सभी रिकॉर्ड्स को तत्काल अद्यतन (अपडेट) करने के कड़े निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि राशन वितरण प्रणाली में किसी भी स्तर पर लापरवाही, कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि उपभोक्ताओं की ओर से कोई शिकायत मिलती है, तो त्वरित वैधानिक, दंडात्मक और कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उचित मूल्य दुकान का जायजा लेने के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल अचानक चितौरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंच गईं। वहां औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर और व्यवस्थाओं में भारी खामियां व अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य केंद्र के रख-रखाव में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र की सभी व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त किया जाए ताकि ग्रामीणों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने साफ किया कि आमजन के स्वास्थ्य और शासकीय सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story