सागर: मंत्री राजपूत ने बिलहरा और चारटोरिया को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

WhatsApp Channel Join Now
सागर: मंत्री राजपूत ने बिलहरा और चारटोरिया को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात


सागर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को सीधे जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित 'सेवा सेतु अभियान' एवं 'सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सागर जिले के बिलहरा नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 4 पिपरिया और ग्राम चारटोरिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद किया और विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्र को करोड़ों रुपये की सौगात दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना है। 'सेवा सेतु अभियान' सरकार और जनता के बीच की दूरी कम करने का एक प्रभावी माध्यम है। अब लोगों को अपनी समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को लेकर बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रशासन और सरकार स्वयं जनता के द्वार पर पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और उनका तत्काल समाधान कर रहे हैं।

सुरखी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और वार्ड को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजपूत ने पिपरिया और ग्राम चारटोरिया में कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की शुरुआत की।

मंत्री राजपूत ने विकास की परिभाषा को स्पष्ट करते हुए कहा कि विकास केवल बड़ी इमारतों या सड़कों तक सीमित नहीं है। जब किसी गरीब परिवार को पक्का आवास मिलता है, किसान को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है, बुजुर्ग को समय पर पेंशन मिलती है, पात्र परिवार को राशन मिलता है और गांव-गांव तक बिजली व पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचती हैं, तब सही मायनों में विकास दिखाई देता है।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, पीएम किसान सम्मान निधि और 'हर घर जल' जैसी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार भी प्रदेश के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

सीधे संवाद के दौरान मंत्री राजपूत ने ग्रामीणों की व्यक्तिगत व सामाजिक समस्याओं को सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को नियमानुसार तत्काल निराकरण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के बीच रहना और उनकी सेवा करना उनका संकल्प है। सुरखी की जनता ने हमेशा उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर खरा उतरने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

इस अवसर पर संतोष पटेल (मंडल अध्यक्ष), रमेश चढ़ार, डॉ. रणवीर सिंह, मूरत सिंह, राजा भैया, शंकर सिंह, शिवराज सिंह, राजकुमार सिंह (बब्बू), सुभाष सिंह (पार्षद), राम नरेश सिंह, अशोक राजपूत, राहुल गर्ग, रमेश खटीक, अशोक मिश्रा, प्रेम सिंह लोधी, पार्षद नंदू पटेल, अंसार खान, प्रहलाद विश्वकर्मा, हम्मीर सिंह, देवेंद्र परदेसी, उमेश गौड़, हीरालाल पेंटर, उदय सिंह (सरपंच), राघव कुसमगढ़, शुभम सिंह, बिहारी लोधी, भगवत मिश्रा, लाल साव, खिलान लोधी, राम कुमार लोधी, डॉ. वीर सिंह लोधी, चंद्रभान सिंह ठाकुर, दीपेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story