सुरखी विधानसभा में मंत्री गोविंद राजपूत ने किया करोड़ों के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
सुरखी विधानसभा में मंत्री गोविंद राजपूत ने किया करोड़ों के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण


सागर , 24 अप्रैल (हि.स.)। मप्र के सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। शुक्रवार को मंत्री राजपूत ने क्षेत्र के ग्राम घाटमपुर, सगौरिया, अर्जना, बरौदा रहली, बंसिया एवं बेरसला सहित कई गांवों का सघन दौरा किया।

जनसभाओं को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा, सुरखी में विकास और विश्वास का एक मजबूत और अटूट रिश्ता स्थापित हुआ है। आज गांव-गांव में जो बदलाव दिख रहा है, वह हमारी सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि जिन सुविधाओं का सपना लोग पहले केवल शहरों में देखा करते थे, आज वे सुविधाएं गांवों की चौखट तक पहुंच गई हैं।

पूर्ववर्ती सरकारों पर कटाक्ष करते हुए मंत्री ने कहा कि एक समय था जब लोग बिजली और पक्की सड़कों के लिए तरसते थे, लेकिन भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार केवल केंद्र और प्रदेश की सत्ता में ही नहीं, बल्कि अपनी जनकल्याणकारी नीतियों के कारण लोगों के दिलों में भी बसती है।

क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन और टंकियों का निर्माण। छोटे-छोटे गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए पक्की सड़कों और सीसी रोड का जाल। स्कूल भवन, आंगनवाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन और मंगल भवनों का निर्माण ताकि सामाजिक कार्यों में सुगमता हो।

मंत्री राजपूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। साथ ही, स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

लोकार्पण एवं भूमिपूजन के दौरान मंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास की यह गति रुकने वाली नहीं है और सुरखी के हर गांव को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर सुखदेव मिश्रा, मोनू भैया मोकलपुर, नरबदा सिंह खोना वाले, सरवन सिंह उमरारी, अरूण गौतम सहित भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ मंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में हो रहे निरंतर विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story