सागरः मंत्री राजपूत ने सुरखी में किया 10 करोड़ से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
सागरः मंत्री राजपूत ने सुरखी में किया 10 करोड़ से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण


सागर, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के साग जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र को खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शनिवार को बड़ी सौगात दी। उन्होंने सुरखी के ग्राम सरखड़ी, साजी और ताजपुर में 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का वास्तविक विकास केवल जनप्रतिनिधियों या सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आम जनता की सक्रिय सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण होती है। जब स्थानीय लोग विकास की सोच और संकल्प के साथ आगे आते हैं, तब कार्य सीधे जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप होते हैं और उनका पूरा लाभ धरातल पर मिलता है।

उन्होंने कहा कि मेरा सपना सुरखी विधानसभा के हर गांव को शहरों की तरह सुंदर, स्वच्छ, सुविधायुक्त और व्यवस्थित बनाना है। मैंने कभी भी विकास कार्यों में कोई भेदभाव नहीं किया है। सुरखी के हर हिस्से को समान रूप से आगे बढ़ाना ही मेरा एकमात्र लक्ष्य है।

मंत्री राजपूत ने सुरखी में चल रहे विकास कार्यों का खाका खींचते हुए बताया कि वर्तमान में क्षेत्र के भीतर सड़क निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मंगल भवन, शैक्षणिक संस्थाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

करोड़ों की लागत से ग्रामीण सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है ताकि गांवों का संपर्क मुख्य शहरों से आसान हो सके।स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार और सार्वजनिक भवनों (जैसे मंगल भवन व पंचायत भवन) के निर्माण से ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। विभिन्न गांवों में सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की एक नई और आकर्षक पहचान बन सके।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने केंद्र की मोदी सरकार और मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास और गरीब कल्याण के लिए पूरी तरह से संकल्पित है। प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और स्वच्छ भारत मिशन ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में क्रांतिकारी और सकारात्मक बदलाव लाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने 'लाड़ली बहना योजना' को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे लाखों महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक संबल मिला है।

मंत्री राजपूत ने अंत में क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे विकास के इस महाअभियान में अपने रचनात्मक सुझाव और सहयोग देते रहें। उन्होंने विश्वास जताया कि नई ऊर्जा और नई सोच के साथ सुरखी विधानसभा जल्द ही पूरे मध्य प्रदेश में एक 'आदर्श विधानसभा' के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगी। शनिवार को हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने पंचायत भवन, मंगल भवन और नई सड़कों सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की आधारशिला रखी और पूर्ण हो चुके कार्यों को जनता को समर्पित किया।

इस गरिमामयी अवसर पर प्रहलाद कुर्मी, उत्तम बुंदेला, योगेश गोलू पड़रई, देवेंद्र जैन, अजब सिंह ठाकुर, आशाराम साहू, दिनेश साहू, रूपसिंह ठाकुर, गौरी यादव, भगत सिंह, देवेंद्र, रामक्रेश साहू, बलराम सिंह राजपूत, अजय सिंह, रामजी सिंह सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story