राजगढ़ः कलेक्टर का उपार्जन केंद्रों पर औचक निरीक्षण,लापरवाही पर नोटिस जारी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः कलेक्टर का उपार्जन केंद्रों पर औचक निरीक्षण,लापरवाही पर नोटिस जारी


राजगढ़,15 अप्रैल(हि.स.)। जिले में उपार्जन व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने फुलखेड़ी, माचलपुर, खंडियापूरा एवं पीपलबेह उपार्जन केंद्रों का बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपार्जन कार्यों की प्रगति, किसानों को दी जा रही सुविधाओं एवं मौजूद व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के समय कई अधिकारी एवं कर्मचारी केंद्रों पर अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपार्जन कार्य किसानों की प्राथमिक सुविधा से जुड़ा है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। माचलपुर उपार्जन केंद्र पर विशेष रूप से अव्यवस्थाएं पाई गईं, जिसके बाद समिति प्रबंधक मदन तंवर को भी नोटिस जारी किया गया। वहीं नोटिस प्राप्त करने वालों में माचलपुर के नोडल अधिकारी दुले सिंह चैहान (ग्राम पंचायत सचिव), फुलखेड़ी के कृषि विस्तार अधिकारी शीतल बिरला एवं पीपलबेह के ग्राम पंचायत सचिव हेमंत सोंधिया शामिल हैं। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी केंद्रों के अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर किसानों को सुचारू सेवाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही दोहराए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story