सागर: जन्म से दृष्टिबाधित सुनील सिंह ने अपनी सुरीली आवाज से 'हनुमान अंश' फिल्म और सोशल मीडिया पर मचाई धूम

WhatsApp Channel Join Now
सागर: जन्म से दृष्टिबाधित सुनील सिंह ने अपनी सुरीली आवाज से 'हनुमान अंश' फिल्म और सोशल मीडिया पर मचाई धूम


सागर, 02 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के छोटे से गांव अगरा के रहने वाले 25 वर्षीय सुनील सिंह लोधी की कहानी इस बात की मिसाल है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो शारीरिक सीमाएं सफलता का रास्ता नहीं रोक सकतीं। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील अपनी आंखों से भले ही दुनिया की रंगत नहीं देख पाते, लेकिन अपनी सुरीली गायकी से उन्होंने गांव की चौपालों से सीधे बॉलीवुड तक का सफर तय कर लिया है।

सुनील के परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य सी ही है। बचपन में माता-पिता ने आंखों के इलाज की हरसंभव कोशिश की, लेकिन कामयाबी न मिली। लेकिन इसके बावजूद सुनील ने हिम्मत नहीं हारी। स्कूल के दिनों में तंबूरा बजाकर भजन गाने की शुरुआत करने वाले सुनील के लिए संगीत ही उनकी जिंदगी की रोशनी बन गया।

सुनील की प्रतिभा को पहचान देने में फेसबुक पर एक पेज चलाने वाले (जिन्हें सुनील मामा कहते हैं) की अहम भूमिका रही। वर्ष 2019 में उन्होंने सुनील के गाने सोशल मीडिया पर अपलोड करने शुरू किए। उनके बुंदेली गीत दूल्हा बनकर आ गव ठेला... को 9 लाख से अधिक व्यूज मिले। जबकि प्रसिद्ध भजन मोरे संकट के कटैया हनुमान... को 2.8 करोड़ (28 मिलियन) से ज्यादा लोगों ने देखा।

सुनील जब एक बार किसी सिलसिले में मुंबई गए, तो वर्सोवा बीच पर खिंचवाई गई उनकी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर काफी चर्चा में रही। इस तस्वीर को देखकर फिल्म निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने उनसे संपर्क किया। स्टूडियो में सुनील की आवाज सुनकर निर्देशक इतने प्रभावित हुए कि बाबा नीम करौली महाराज पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ में उनका गाया भजन शामिल कर लिया। फिल्म में सुनील का गाया भजन “मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई...” इस वक्त सोशल मीडिया और रील्स पर जबरदस्त ट्रेंड कर रहा है।

एक बार रास्ता भटक जाने पर भंवरे की आवाज के सहारे घर पहुंचने वाली घटना को सुनील ईश्वर का चमत्कार मानते हैं। अपनी आवाज से करोड़ों दिलों को जीतने वाले सुनील का अब सबसे बड़ा सपना पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल के साथ गाना गाने का है। फिर आगे जो भी हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story