गन्ने के दाम पर अड़े किसान, भोपाल में दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी, कृषि सचिव से मिले पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मिला चर्चा का भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
गन्ने के दाम पर अड़े किसान, भोपाल में दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी, कृषि सचिव से मिले पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मिला चर्चा का भरोसा


गन्ने के दाम पर अड़े किसान, भोपाल में दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी, कृषि सचिव से मिले पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मिला चर्चा का भरोसा


गन्ने के दाम पर अड़े किसान, भोपाल में दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी, कृषि सचिव से मिले पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मिला चर्चा का भरोसा


भोपाल, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसान 400 रुपए प्रति क्विंटल के मौजूदा भाव को बढ़ाकर 600 रुपए करने और इसके साथ 50 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की मांग पर अड़े हैं। होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर किसानों ने डेरा डाल रखा है। सोमवार की रात खुले आसमान के नीचे गुजारने के बाद मंगलवार को भी किसान अपनी मांगों पर कायम रहे।

इस बीच पांच सदस्यीय किसान प्रतिनिधिमंडल ने कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े से मुलाकात की। किसानों के मुताबिक, बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच इस मुद्दे पर चर्चा होगी। इस बातचीत में क्या निर्णय होता है, इसके आधार पर किसान आंदोलन की आगे की रणनीति तय करेंगे। फिलहाल किसानों ने प्रदर्शन खत्म करने के संकेत नहीं दिए हैं। इससे पहले सोमवार को भी पांच किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि संचालक उमाशंकर भार्गव से चर्चा की थी, लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बन सकी। किसान नेताओं का कहना है कि अब मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री के बीच होने वाली चर्चा के बाद ही आगे का रास्ता साफ होगा।

किसानों ने यह भी बताया कि चार जिलों के कलेक्टरों और जिला प्रशासन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की जा रही है। इन बैठकों में सामने आने वाले प्रस्तावों और सरकार के रुख के आधार पर आंदोलन को लेकर फैसला लिया जाएगा।

600 रुपए भाव और 50 रुपए बोनस की मांग

किसानों की प्रमुख मांग गन्ने का भाव 400 रुपए से बढ़ाकर 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की है। इसके अलावा वे 50 रुपए प्रति क्विंटल बोनस भी चाहते हैं। किसानों का कहना है कि सरकार की ओर से 450 रुपए प्रति क्विंटल देने की बात कही जा रही है, लेकिन खेती की लागत को देखते हुए यह राशि पर्याप्त नहीं है। किसान नेता प्रतीक शर्मा के मुताबिक, प्रदर्शन में मुख्य रूप से नरसिंहपुर जिले के गन्ना उत्पादक किसान शामिल हैं। उन्होंने मिल मालिकों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए। किसान नेताओं ने दावा किया कि देशभर के किसान उनकी मांगों के समर्थन में हैं।

खुले आसमान के नीचे गुजारी रात

किसान होशंगाबाद रोड पर वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार की रात किसानों ने खुले आसमान के नीचे गुजारी। किसान नेता राकेश धाकड़ ने बताया कि प्रदर्शन स्थल पर ही खाने-पीने की व्यवस्था की गई। किसानों ने रातभर वहीं रुककर अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन जारी रखा।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, सर्विस रोड पर बैरिकेडिंग

प्रदर्शन में दूसरे जिलों से किसानों के पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पहले मौके पर करीब 45 पुलिसकर्मियों की तैनाती थी, जिसे बढ़ाकर करीब 150 पुलिसकर्मियों तक किए जाने की जानकारी दी गई है। दो डीएसपी और चार निरीक्षक स्तर के अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

प्रदर्शन स्थल पर सर्विस रोड के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि किसानों का जमावड़ा मुख्य सड़क तक नहीं पहुंचे और यातायात प्रभावित न हो। वीर सावरकर सेतु की शुरुआत में बैरिकेड्स लगाए गए हैं। गणेश मंदिर के पास भी बैरिकेडिंग की तैयारी की गई है। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए मौके पर टेंट भी लगाया है, हालांकि किसान उसके बाहर खुले आसमान के नीचे बैठे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story