शिवपुरी में शक्कर 75 रुपये किलो तक पहुंची, पांच दिन में 15 से 20 रुपये की तेजी से बिगड़ा रसोई का बजट

WhatsApp Channel Join Now
शिवपुरी में शक्कर 75 रुपये किलो तक पहुंची, पांच दिन में 15 से 20 रुपये की तेजी से बिगड़ा रसोई का बजट


शिवपुरी, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर में शक्कर की कीमतों में अचानक तेज उछाल आने से आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। खुदरा बाजार में शक्कर के दाम बढ़कर करीब 75 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले पांच दिनों में ही कीमतों में 15 से 20 रुपये प्रति किलो तक की वृद्धि हुई है। अचानक हुई इस तेजी का सीधा असर लोगों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है।

त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले शक्कर के दाम बढ़ने से विशेष रूप से गृहणियां परेशान हैं। थोक बाजार में कीमत बढ़ने का असर खुदरा बाजार में भी दिखाई दे रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बाजार में अचानक आई यह तेजी सामान्य आपूर्ति और मांग से अलग है तथा कुछ व्यापारी इसका अनुचित लाभ उठा रहे हैं।

गोदामों में स्टॉक, फिर भी बाजार में कमी का दावास्थानीय सूत्रों के अनुसार, शहर के कुछ गोदामों में बड़ी मात्रा में शक्कर का भंडारण होने के बावजूद बाजार में कमी का हवाला देकर कीमतें बढ़ाई जा रही हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से आवश्यक वस्तुओं के भंडारण को लेकर निर्धारित स्टॉक सीमा के बावजूद कुछ व्यापारियों द्वारा नियमों के पालन में लापरवाही किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

लोगों का कहना है कि यदि बाजार में पर्याप्त शक्कर उपलब्ध है तो इसकी कीमतों में इतनी तेजी कैसे आई, इसकी जांच होना जरूरी है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से शक्कर के थोक विक्रेताओं और गोदामों की जांच कराने की मांग की है।

स्टॉक की जांच और कालाबाजारी पर कार्रवाई की मांगआम उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर में शक्कर के भंडारों का भौतिक सत्यापन कराया जाए। साथ ही निर्धारित स्टॉक सीमा का पालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच की जाए। लोगों ने कीमतों में कृत्रिम तेजी या कालाबाजारी पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अचानक बढ़ी शक्कर की कीमतों ने त्योहारों से पहले आम परिवारों के रसोई बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। अब निगाह प्रशासन की कार्रवाई पर है कि बाजार में कीमतों को नियंत्रित करने और शक्कर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story