राजगढ़ः सुदामा चरित्र के वर्णन के साथ श्रीमद्भागवत कथा का समापन

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सुदामा चरित्र के वर्णन के साथ श्रीमद्भागवत कथा का समापन


राजगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सुठालिया तहसील के ग्राम बेरियाखेड़ी में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का रविवार को भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता के भावपूर्ण वर्णन के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की।

कथा के समापन अवसर पर प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार भी शामिल हुए। कथा के अंतिम दिन व्यास पीठ से कथावाचक पं. सतीश नागर महाराज ने सुदामा चरित्र का वर्णन किया। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।

महाराज ने कहा कि जहां प्रेम और सच्चा भाव होता है, वहीं ईश्वर का वास होता है। व्यक्ति को केवल धन से नहीं, बल्कि मन से अमीर होना चाहिए। सच्चा धनवान वही है, जिसका मन बड़ा हो और हृदय में संतोष हो। जीवन में धन-संपत्ति से अधिक महत्व प्रेम, अपनत्व और मानवीय मूल्यों का है। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में बड़ों का सम्मान करना चाहिए। आपसी प्रेम, सद्भाव और संस्कार ही परिवार एवं समाज को मजबूत बनाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता हमें सिखाती है कि सच्चे रिश्तों में अमीरी-गरीबी का कोई भेद नहीं होता। सच्चा प्रेम निस्वार्थ भाव और समर्पण से पहचाना जाता है।

कथा समापन पर राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने व्यास पीठ पर पहुंचकर पं. सतीश नागर महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की। आयोजन को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785495 Articles

Share this story