सिवनीः शासकीय योजना, कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन का दैनिक जीवन में नजर आता है सीधा असर- विधायक दिनेश राय

WhatsApp Channel Join Now
सिवनीः शासकीय योजना, कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन का दैनिक जीवन में नजर आता है सीधा असर- विधायक दिनेश राय


सिवनी में पत्र सूचना कार्यालय का वार्तालाप कार्यक्रम संपन्न

सिवनी, 24 मार्च (हि.स.)। पिछले कुछ सालों में हम देखते हैं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से आमजन के जीवन में सीधा असर दिखाई देता है। यह विचार क्षेत्रीय विधायक दिनेश राय ने पत्र सूचना कार्यालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय भोपाल द्वारा मंगलवार को सिवनी में एक दिवसीय मीडिया वार्तालाप कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किये।

अपने उद्बोधन में राय ने कहा कि सरकार ने सड़क, बिजली, सिंचाई ,कृषि योजनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय पड़ाव हासिल किए हैं ।इनका असर आमजन के दैनिक जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पहले सिवनी से भोपाल का सफर बहुत लंबा और दुर्गम माना जाता था। लेकिन अब बेहतरीन हाईवे बन जाने के कारण सिवनी से भोपाल महज कुछ घंटे में पहुंचा जा सकता है। उन्होंने उदाहरण देकर अनेक योजनाओं, कार्यक्रमों के बारे में बताया।

कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि पीयूष ने केंद्र सरकार की प्रदेश में चलाई जा रही योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की पहल पर किए जा रहे कार्यक्रमों को प्रदेश सरकार द्वारा प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित कर आम जन के जीवन को सुगम बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में कलेक्टर शीतला पटले ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन और उसको लाभ उठाने के विषय में मीडिया आम जनता को जागरूक करती है। मीडिया के सक्रिय सहयोग के कारण ही योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर रूप से हो पाता है, आमजनों तक सूचनाओं के संचार से वह पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ उठा पाते है।इसका श्रेय मीडिया को ही जाता है। उन्होंने कहा जिला प्रशासन का सदैव यह प्रयास होता है कि मीडिया के साथ सक्रिय भागिदारी से आमजनों तक शासन की योजनाऐं एवं सकारात्मक कार्य एवं सूचनाओं का प्रसार कर सकें।

पीआईबी भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों के विषय में मीडिया के माध्यम से आम जनता तक सही और सारभूत जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न अंचलों और जिलों में वार्तालाप जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों से जहां एक और मीडिया और सरकार के बीच संवाद सेतु का कार्य किया जाता है वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी भी आम जनता तक पहुंचती है। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरिया के भी उपस्थित रही तथा बड़ी संख्या जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में नरेगा, आयुष्मान भारत ,कृषि कल्याण ,मुद्रा योजना सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं के विषय में जानकारी देने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख कृषि विज्ञान केंद्र शेखर बघेल ने भी किसानों के लिए चलाए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम और उनकी उपलब्धियां के विषय में बताया। मनरेगा के परियोजना अधिकारी राहुल ने वीबी जी राम जी के नए प्रावधानों के विषय में बताया।स्वास्थ्य विभाग से संबंधित डॉक्टर प्रदीप गेडाम डी एच ओ ने आयुष्मान भारत सहित अन्य योजनाओं कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया।

उप परियोजना अधिकारी नितिन गणवीर ने कृषक कल्याण से संबंधित योजनाओं के बारे में बताया।उद्यान विभाग के संतोष बघेल ने भी वार्तालाप कार्यक्रमों में योजनाओं के विषय में जानकारी दी। कार्यक्रम को जिले के उपसंचालक जनसंपर्क राजेश परते, जन अभियान परिषद सिवनीजिला समन्वयक सौरभ शुक्ला एवं सहायक प्राध्यापक सत्येंद्र शेडे ने भी संबोधित किया।

इस कार्यक्रम में योजनाओं के सफल क्रियान्वयन कर अन्य नागरिकों के लिए प्रोत्साहन का काम करने वाले प्रमुख उद्यमियों ने संबोधित किया। इस कड़ी में राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित जैविक किसान प्रदीप रंहाग़डाले, सिवनी जिले की पहली ड्रोन दीदी सरोज डेहरिया ,मुद्रा लोन की सफल उद्यमी सौफल दीप भलावी और मुद्रा लोन की एक और सफल उद्यमी अंजलि बरमैया ने अपनी सफलता की कहानी बताकर मीडिया के माध्यम से अन्य नागरिकों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि एस. के. धुर्वे, सहायक आयुक्त लाल जी मीणा उपस्थित थे। ।

हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

Share this story