गोचर भूमि मुक्त कराने 200 फीट लंबा ज्ञापन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा युवक, 171 बार लगा चुका है गुहार

WhatsApp Channel Join Now
गोचर भूमि मुक्त कराने 200 फीट लंबा ज्ञापन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा युवक, 171 बार लगा चुका है गुहार


सागर, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को उस समय लोग आश्चर्यचकित रह गए, जब एक युवक करीब 200 फीट लंबा ज्ञापन लेकर अपनी फरियाद सुनाने पहुंचा। युवक हरकिशन सेन जिले की गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और बेसहारा गोवंश के लिए सुरक्षित चरागाह उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। उनका दावा है कि इस संबंध में वे अब तक 171 बार ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

हरकिशन सेन ने ज्ञापन के माध्यम से बीना, खुरई, मालथौन, बंडा, राहतगढ़ और नरयावली सहित जिले की विभिन्न तहसीलों में गोचर भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों का मुद्दा उठाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणा का हवाला देते हुए शासकीय एवं अशासकीय गौशालाओं तथा गोचर के लिए चिह्नित जमीन को भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।

ज्ञापन में बीना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम देवल की करीब 3614 एकड़ भूमि पर दोबारा गौ-अभ्यारण्य विकसित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। आवेदक के अनुसार, अंग्रेजों के शासनकाल में यहां समृद्ध गौ-अभ्यारण्य संचालित था। उन्होंने जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में गोचर भूमि का सीमांकन कर विशेष अभियान चलाने और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

हरकिशन सेन ने ज्ञापन में कहा कि जिले में हजारों एकड़ गोचर भूमि उपलब्ध होने के बावजूद गोवंश सड़कों पर भटकने को मजबूर है। चारे और सुरक्षित चरागाह के अभाव में आए दिन गायें सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रही हैं। उन्होंने मांग की कि भू-माफियाओं के खिलाफ होने वाली बुलडोजर और कानूनी कार्रवाई की तरह गोचर भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story