सागर: छात्रों ने रसेना स्कूल भवन निर्माण और पानी की किल्लत को लेकर रोड किया जाम

WhatsApp Channel Join Now
सागर: छात्रों ने रसेना स्कूल भवन निर्माण और पानी की किल्लत को लेकर रोड किया जाम


सागर, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की देवरी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत रसेना से सोमवार को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मुख्य मार्ग पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और महाराजपुर-सहजपुर-केसली रोड पर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर बच्चों के बैठ जाने से आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं का कहना है कि उनके स्कूल के लिए नई बिल्डिंग की स्वीकृति काफी समय पहले मिल चुकी है, लेकिन जिम्मेदार प्रशासनिक लापरवाही के चलते आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है। भवन के अभाव में बच्चों को जर्जर और सीमित स्थान में पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

प्रदर्शन का दूसरा मुख्य कारण स्कूल परिसर में पीने के पानी की भारी किल्लत है। छात्रों ने आरोप लगाया कि वर्तमान में जहां स्कूल संचालित हो रहा है, वहां स्थित सरकारी नल पर गांव के ही एक दबंग व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया गया है। इस कारण स्कूल समय के दौरान बच्चों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो पा रहा है और उन्हें भीषण गर्मी व दूर-दराज से पानी की व्यवस्था करनी पड़ती है।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। छात्रों का स्पष्ट कहना है कि नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराने का लिखित आश्वासन मिलना और सरकारी नल को दबंग के कब्जे से मुक्त कराकर जल आपूर्ति बहाल करना चाहिए, मांग पूरी न होने पर आगे पुनः उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story