उमरिया : आदिवासी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने जनसुनवाई में सुनाई परेशानी, वार्डन पर भेदभाव का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
उमरिया : आदिवासी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने जनसुनवाई में सुनाई परेशानी, वार्डन पर भेदभाव का आरोप


उमरिया, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के उमरिया जिले के करकेली जनपद के ग्राम बेलसरा में संचालित नेताजी सुभाष चंद्र बोस आदिवासी सीनियर कन्या छात्रावास की छात्राएं मंगलवार को अपनी समस्याएं लेकर जनसुनवाई में पहुंचीं। छात्राओं ने कलेक्टर को शिकायत देकर छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर कई आरोप लगाए। छात्राओं का कहना है कि उन्हें समय पर भोजन नहीं मिलता और साफ-सफाई की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। शिकायत करने पर वार्डन द्वारा छात्रावास से निकाल देने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

छात्राओं ने आरोप लगाया कि कई बार भोजन नहीं मिलने या भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं होने के कारण उन्हें भूखे ही स्कूल जाना पड़ता है। उनका कहना है कि छात्रावास की समस्याओं की शिकायत करने पर उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें कार्रवाई की धमकी दी जाती है।

छात्राओं ने वार्डन पूजा मिश्रा पर उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार करने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि वार्डन सामान्य वर्ग से होने के कारण उनके साथ छुआछूत जैसी भावना रखती हैं और कई बार उन्हें नीचा दिखाने का प्रयास किया जाता है। छात्राओं ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

छात्रा पार्वती परस्ते ने बताया कि छात्रावास में उन्हें ठीक से खाना नहीं मिलता। रोज एक ही तरह की सब्जी मिलने और स्वाद ठीक नहीं होने के कारण भोजन करना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी वे अपनी समस्या लेकर आई थीं, लेकिन उस समय उन्हें डांटकर वापस भेज दिया गया था। इस बार भी कुछ ही छात्राएं यहां पहुंची हैं, जबकि अन्य छात्राओं को छात्रावास से निकालने की धमकी दिए जाने की बात कही गई है।

छात्रा प्रीती मार्को ने भी भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रावास में एक पुरुष भी रहता है, जो वार्डन के साथ रहता है। छात्रा के अनुसार उन्हें यह जानकारी नहीं है कि वह व्यक्ति कहां का है, जबकि छात्रावास में पुरुषों के रहने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी समस्या सामने रखी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मामले में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग उमरिया पूजा द्विवेदी ने बताया कि पिछले साल इस संबंध में कोई शिकायत उनके संज्ञान में नहीं आई थी। मंगलवार को मामला सामने आने के बाद छात्राओं से बातचीत की गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में छात्राओं के पहुंचने से छात्रावासों की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठे हैं। छात्राओं ने अपनी शिकायत में भोजन, साफ-सफाई और व्यवहार से संबंधित समस्याओं को सामने रखा है। अब प्रशासन की जांच के बाद ही छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी

Share this story