उज्जैनः नागदा के विद्यार्थियों ने विक्रम विवि में किया प्रदर्शन, परीक्षा केंद्र में नकल एवं मूल्यांकन में गड़बड़ी का आरोप
उज्जैन, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय,नागदा के परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के दौरान कथित अनियमितताओं और बीकॉम द्वितीय वर्ष के परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बुधवार को विद्यार्थियों ने विक्रम विश्वविद्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी।
छात्र खुशी ने बताया कि वर्ष 2025 की बीकॉम द्वितीय वर्ष की परीक्षा में शेषशाई कॉलेज एवं वर्धमान कॉलेज, नागदा जोकि निजी महाविद्यालय है, का परीक्षा केंद्र स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय में बनाया गया था। निजी महाविद्यालयों के प्राध्यापकों की ड्यूटी उन्हीं परीक्षा कक्षों में लगाई गई, जहां उनके अपने कॉलेज के विद्यार्थी परीक्षा दे रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कतिपय प्राध्यापकों द्वारा अन्य परीक्षा कक्षों में जाकर वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के उत्तर बताए गए। हाल ही में घोषित परीक्षा परिणाम में बिजनेस स्टेटिक्स विषय में कई विद्यार्थियों को शून्य अंक या ग्रेडिंग मिली है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि परीक्षा केंद्र के सभी परीक्षा कक्षों, बरामदों एवं अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर उनकी जांच कराई जाए। परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कार्रवाई की जाए। बीकॉम द्वितीय वर्ष के नियमित विद्यार्थियों के बिजनेस स्टेटिक्स विषय की उत्तरपुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराया जाए। प्रदर्शन की जानकारी लगते ही मौके पर सचिव पहुंचे और छात्राओं से ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार करवाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

