'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत आयोजित हुआ 'आदिवासी जेन जी फेस्ट', बड़ी संख्या में छात्र-युवा हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत आयोजित हुआ 'आदिवासी जेन जी फेस्ट', बड़ी संख्या में छात्र-युवा हुए शामिल


भोपाल, 12 जुलाई (हि.स.)। 'छात्रों की गूंज' अभियान के अंतर्गत रविवार को राजधानी भाेपाल स्थित सिंधु भवन में 'आदिवासी जेन जी फेस्ट' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए आदिवासी सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपनी कला और विरासत का प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र की आदिवासी रैपर माही जी की प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य एवं तेलंगाना कांग्रेस प्रभारी मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि 'छात्रों की गूंज' अभियान छात्रों और युवाओं की आकांक्षाओं को अभिव्यक्ति देने का मंच है। उन्होंने आदिवासी युवाओं की प्रतिभा, संस्कृति और नेतृत्व क्षमता को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि देश का युवा शिक्षा, रोजगार और अवसरों से जुड़े अनेक मुद्दों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति और विरासत देश की महत्वपूर्ण धरोहर है। उन्होंने युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि वे समाज और राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा कि आदिवासी युवा परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ देश के विकास और नेतृत्व में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके अनुसार, 'छात्रों की गूंज' जैसे अभियान युवाओं को अपनी बात रखने और सामाजिक भागीदारी बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।

अभियान के समन्वयक एवं एआईसीसी कोऑर्डिनेटर डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आदिवासी सहित समाज के सभी वर्गों के युवाओं की प्रतिभा, संस्कृति और विचारों को व्यापक मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें राष्ट्रीय विमर्श से जोड़ना है।

कार्यक्रम के अंत में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 'छात्रों की गूंज' अभियान को प्रदेश के विभिन्न जिलों और शिक्षण संस्थानों तक विस्तार दिया जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, विधायक आरिफ मसूद, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम, आदिवासी कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-युवा उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story