'छात्रों की गूंज' अभियान की शुरुआत, नीट पेपर लीक से जुड़े मृत विद्यार्थियों को दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
'छात्रों की गूंज' अभियान की शुरुआत, नीट पेपर लीक से जुड़े मृत विद्यार्थियों को दी श्रद्धांजलि


- नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

भोपाल, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस और एनएसयूआई के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को छात्रों की गूंज अभियान की शुरुआत भोपाल के आंबेडकर पार्क (सेकंड स्टॉप) से हुई। अभियान के पहले दिन आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नीट-यूजी 2026 पेपर लीक प्रकरण के बाद जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की मांग उठाई गई।

सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाएं केवल परीक्षा प्रणाली की विफलता नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों पर सीधा आघात हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित किए बिना युवाओं का विश्वास बहाल नहीं किया जा सकता। उन्होंने दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकारों और न्याय के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

एआईसीसी कॉर्डिनेटर एवं अभियान समन्वयक डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने कहा कि छात्रों की गूंज केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों की आवाज़ को बुलंद करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही परीक्षा लीक की घटनाओं ने छात्रों और अभिभावकों में गहरी चिंता पैदा कर दी है। प्रत्येक विद्यार्थी को निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त परीक्षा व्यवस्था मिलना उसका अधिकार है और एनएसयूआई इस मुद्दे पर देशभर में छात्रों की आवाज़ बनकर संघर्ष करती रहेगी।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार तथा परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि छात्रों की गूंज अभियान के तहत आगामी दिनों में छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद, जनजागरण, पंपलेट वितरण और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, एआईसीसी कॉर्डिनेटर एवं एनएसयूआई के राष्ट्रीय सह-प्रभारी डॉ. अंशुल त्रिवेदी, विधायक आरिफ मसूद, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर सहित कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story