‘बच्चे कल का भविष्य, उन्हें अच्छी शिक्षा देना हमारा फर्ज’: श्रीकांत चतुर्वेदी

WhatsApp Channel Join Now
‘बच्चे कल का भविष्य, उन्हें अच्छी शिक्षा देना हमारा फर्ज’: श्रीकांत चतुर्वेदी


मैहर, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मैहर स्थित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें अच्छी शिक्षा देना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि एक विद्यार्थी का जीवन अनुशासन, मेहनत और समय प्रबंधन से परिपूर्ण होना चाहिए। साथ ही उन्होंने डॉ. मोहन यादव की शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक बच्चे को शिक्षित करने और उनके बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

विधायक चतुर्वेदी ने बताया कि सरकार द्वारा नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें, गणवेश वितरण, मध्यान्ह भोजन, छात्रवृत्ति, साइकिल, लैपटॉप और स्कूटी जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिल रहा है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पुलिस की उप निरीक्षक रेनू सिंह ने भी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पर्सनैलिटी डेवलपमेंट के महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और शिक्षा के प्रति जागरूकता देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकों का वितरण किया गया। विद्यालय के प्राचार्य दिनेश पुरी गोस्वामी ने कहा कि सभी को मिलकर हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लेना चाहिए, ताकि उनके सपनों को साकार किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story