भोपाल में हाजिरी पर सख्ती, वल्लभ भवन, सतपुड़ा और विंध्याचल में विशेष मॉनिटरिंग शुरू

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में हाजिरी पर सख्ती, वल्लभ भवन, सतपुड़ा और विंध्याचल में विशेष मॉनिटरिंग शुरू


भोपाल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद राजधानी भोपाल के तीन प्रमुख शासकीय कार्यालय—वल्लभ भवन, सतपुड़ा भवन और विंध्याचल भवन—में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर सख्त निगरानी शुरू कर दी गई है।

गुरुवार सुबह 10 बजे सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की टीमों ने विभिन्न विभागों में पहुंचकर उपस्थिति रजिस्टरों की जांच की। साथ ही अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अपने-अपने कार्यालयों में हाजिरी की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के अनुसार, सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अधिकारियों-कर्मचारियों की आवाजाही पर विशेष नजर रखी जाएगी, जबकि उपस्थिति से संबंधित विस्तृत जानकारी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संकलित की जाएगी। कौन कर्मचारी कब कार्यालय पहुंचा और कब निकला—इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

दौरे पर सीएम, फिर भी सख्ती बरकरार

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन फिलहाल भोपाल से बाहर दौरे पर हैं। इसके बावजूद मुख्यमंत्री सचिवालय और सामान्य प्रशासन विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अनाधिकृत अनुपस्थिति और समय पालन में लापरवाही की पूरी जानकारी जुटाई जाए। तीनों भवनों में जीएडी की टीमें तैनात कर दी गई हैं, जो दिनभर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

समय पालन पर सख्त संदेश

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि समय पालन में कोताही पाई गई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन उसकी प्राथमिकता है, और इसके लिए समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करना अनिवार्य किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story