रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में देरी पर कलेक्टर सख्त, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में देरी पर कलेक्टर सख्त, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश


सागर, 15 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने नाराजगी जताई है। उन्होंने जरुआखेड़ा और खिमलासा में बन रहे रेलवे ओवरब्रिज के कार्यों की सोमवार को समीक्षा बैठक में निर्माण एजेंसी को तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के कार्यपालन यंत्रियों ने परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कार्य की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और निर्धारित समय में निर्माण पूरा किया जाना चाहिए।

कलेक्टर ने कहा कि ओवरब्रिज निर्माण के चलते कई स्थानों पर यातायात मार्गों का डायवर्जन किया गया है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी वैकल्पिक मार्गों को तत्काल दुरुस्त किया जाए तथा उन्हें वाहन चलाने योग्य बनाया जाए। साथ ही सड़कों पर आवश्यक पैचवर्क कर गड्ढों को भरने और धूल की समस्या कम करने के उपाय करने को कहा।

प्रतिभा पाल ने निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त मजदूरों और तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें।

बैठक में संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और कार्य की गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। कलेक्टर ने कहा कि जनता की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story