सिवनीः ओवरलोड ट्रक पर 14 हजार और प्रतिबंधित समय में प्रवेश पर 5 हजार का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
सिवनीः ओवरलोड ट्रक पर 14 हजार और प्रतिबंधित समय में प्रवेश पर 5 हजार का जुर्माना


सिवनी, 10 जनवरी(हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी पुलिस के यातायात पुलिस द्वारा निरंतर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालको के विरुद्ध निरंतर सख्ती से कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को ओवरलोड ट्रक पर 14000 हजार रूपये जुर्माना एवं प्रतिबंधित समय से नगर क्षेत्र में प्रवेश करने वालेे भारी वाहन पर 5000 का समन शुल्क वसूल किया है।

यातायात थाना प्रभारी विजय बघेल ने बताया कि चैकिंग दल द्वारा वाहन चौकिंग के दौरान वाहन क्रमांक एमपी 04 एचई 3568 को चेक करने पर वाहन में क्षमता से अधिक वजन का माल भरा होने पर वाहन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए 14000 हजार रूपये एवं सर्किट हाउस पॉइंट पर तैनात महिला आरक्षक सरस्वती सैयाम द्वारा वाहन क्रमांक एमएच49 बीजेड 2213 के प्रतिबंधित समयावधि में नगर में प्रवेश करने पर सर्किट हाउस के पास रोककर थाना यातायात को सूचित किया जिसके उपरांत थाना प्रभारी यातायात द्वारा उक्त वाहन पर मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार कार्यवाही करते हुए 5000 रुपए का समन शुल्क वसूल किया गया।

सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता अभियान

पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन में यातायात पुलिस सिवनी द्वारा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन हेतु समझाइश दी जा रही है। साथ ही शासन की राहवीर योजना एवं कैशलेस उपचार योजना की जानकारी भी लोगों को दी जा रही है, जिससे दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित हो सके।

ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगाए गए रिफ्लेक्टिव रेडियम

वर्तमान में फसल बिक्री के लिए बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कृषि उपज मंडी पहुँच रहे हैं। कृषि कार्यों के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगा पेंट उतर जाने से रात्रि के समय उनकी दृश्यता कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।

इसी को दृष्टिगत रखते हुए थाना यातायात एवं अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, सिवनी के संयुक्त दल द्वारा कृषि उपज मंडी सिमरिया में किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टिव रेडियम टेप लगाए गए, ताकि वाहनों की दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।

इसके अतिरिक्त अन्य ऐसे वाहनों पर भी रेडियम टेप लगाए जा रहे हैं, जिनमें रिफ्लेक्टर नहीं लगे हैं।

कोहरे के समय वाहन चालकों के लिए यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस सिवनी ने नागरिकों से ठंड एवं कोहरे के समय वाहन चलाते हुए निम्न सावधानियाँ बरतने की अपील की है—

1. वाहन धीमी गति से चलाएँ और नियंत्रण में रखें।

2. लो बीम हेडलाइट व फॉग लैंप का प्रयोग करें, हाई बीम से बचें।

3. आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।

4. मोबाइल फोन या तेज संगीत से ध्यान न भटकाएँ।

5. विंडस्क्रीन डिफॉगर और वाइपर का उपयोग करें।

6. आसपास के वाहनों की आवाज़ सुनने हेतु खिड़की थोड़ी खुली रखें।

7. सड़क की पटरी या पेंट की हुई लाइन का अनुसरण करें।

8. अचानक ब्रेक लगाने से बचें।

9. अत्यधिक कोहरा होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर हैज़र्ड लाइट चालू रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

Share this story