अनूपपुर: मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक की पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखने अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक की पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखने अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई


अनूपपुर: मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक की पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखने अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई


अनूपपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की जीवनरेखा और करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र मां नर्मदा के पवित्र उद्गम स्थल अमरकंटक की धार्मिक पवित्रता, स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखने के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। रविवार को प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोनमूड़ा में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क तक फैली दुकानों को हटाया गया तथा आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को मुक्त कराया गया।

मां नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की जीवनधारा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं। अमरकंटक से निकलकर नर्मदा की अविरल धारा प्रदेश के बड़े भू-भाग को जीवन प्रदान करती है। ऐसे महत्वपूर्ण और पवित्र उद्गम स्थल की स्वच्छता, प्राकृतिक वातावरण और गरिमा बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा पर्यटन स्थलों को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाए रखने की पहल की जा रही है।

रविवार सुबह से प्रारंभ हुए अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम ने सोनमूड़ा पहुंचकर सड़क तक फैली दुकानों को हटवाया। नगर परिषद अधिकारी चरण सिंह परस्ते ने बताया कि कुछ दुकानदारों द्वारा अपने निर्धारित स्थान से आगे बढ़कर सड़क तक दुकानें संचालित की जा रही थीं। दुकानों के सामने कुर्सियां और टेबल लगाकर बैठने की व्यवस्था किए जाने से पर्यटकों एवं राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसके अलावा पॉलिथीन, डिस्पोजल, गिलास एवं अन्य कचरा फेंके जाने से पर्यटन स्थल की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता प्रभावित हो रही थी।

नगर परिषद द्वारा संबंधित दुकानदारों को पूर्व में कई बार समझाइश देकर अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। कार्रवाई से तीन दिन पूर्व मुनादी कराकर भी दुकानदारों को चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर रविवार को पुलिस प्रशासन एवं राजस्व विभाग के सहयोग से संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद अधिकारी चरण सिंह परस्ते, पटवारी अश्विनी तिवारी सहित पुलिस थाना एवं नगर परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि सोनमूड़ा अमरकंटक के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। मां नर्मदा का उद्गम स्थल होने के कारण अमरकंटक का धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व अत्यंत विशिष्ट है। यहां की प्राकृतिक संपदा और स्वच्छ वातावरण का संरक्षण न केवल पर्यटन की दृष्टि से, बल्कि नर्मदा की अविरल धारा और उसके उद्गम क्षेत्र की पवित्रता बनाए रखने के लिए भी आवश्यक है।

नगर परिषद की इस कार्रवाई का उद्देश्य अमरकंटक को अतिक्रमण मुक्त रखते हुए मां नर्मदा के उद्गम स्थल की गरिमा, स्वच्छता और प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखना है, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785495 Articles

Share this story