उमरिया : आवारा स्ट्रीट डॉग का हमला, 6 माह का मासूम गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
उमरिया : आवारा स्ट्रीट डॉग का हमला, 6 माह का मासूम गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती


उमरिया, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी बिलासपुर के ग्राम बिलासपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर के आंगन में खेल रहे छह माह के मासूम पर आवारा स्ट्रीट डॉग ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम बिलासपुर निवासी अनिल कोल का छह माह का पुत्र आर्यन घर के आंगन में खेल रहा था, जबकि उसकी मां घरेलू कार्यों में व्यस्त थी। इसी दौरान एक स्ट्रीट डॉग घर के भीतर घुस आया और बच्चे पर झपट पड़ा। बच्चे के रोने की आवाज सुनते ही मां और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह कुत्ते को भगाकर मासूम को छुड़ाया, लेकिन तब तक वह बुरी तरह जख्मी हो चुका था।

घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई, जिसके जरिए बच्चे को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. के.सी. सोनी ने बताया कि बिलासपुर से लाए गए छह माह के बच्चे को आवारा कुत्ते ने काटा है। बच्चे को कई जगह चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र सहित पूरे जिले में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर लोगों में आक्रोश है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव-मोहल्लों में स्ट्रीट डॉग और सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, जनपद एवं नगरीय निकाय से इस समस्या पर ठोस कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी

Share this story