बुरहानपुर: नेपानगर में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, जेसीबी ऑपरेटर समेत 4 घायल

WhatsApp Channel Join Now
बुरहानपुर: नेपानगर में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, जेसीबी ऑपरेटर समेत 4 घायल


झांझर गांव में कार्रवाई के दौरान बवाल, 500 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात, वन विभाग का अभियान जारी

बुरहानपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर रेंज अंतर्गत ग्राम झांझर में रविवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम पर पथराव हो गया। घटना सुबह करीब 11 बजे की है, जिसमें जेसीबी ऑपरेटर समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक चालक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग लंबे समय से बाहरी अतिक्रमणकारियों को हटाने की योजना बना रहा था। तय कार्यक्रम के तहत रविवार को अभियान शुरू किया गया, लेकिन कार्रवाई के दौरान अचानक स्थिति तनावपूर्ण हो गई और अतिक्रमणकारियों ने पथराव शुरू कर दिया।

घायल जेसीबी चालक कमल बंसल ने बताया कि अतिक्रमणकारियों ने मशीन पर पत्थर फेंके, जिससे स्टेयरिंग अनियंत्रित हो गया और जेसीबी पलट गई। हादसे में उसके सिर में चोट आई। उसने आरोप लगाया कि करीब 150 से अधिक लोगों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और वनकर्मी जान बचाकर भागे। उसे वनपाल विजय चोरे अस्पताल लाए, जहां चौकी प्रभारी सलीम खान ने बयान दर्ज किए।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घटना में कुल चार लोग घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। बुरहानपुर वनमंडल के एसडीओ अजय सागर ने बताया कि वन विभाग की टीम झांझर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा पथराव किया गया, जिसमें एक जेसीबी चालक घायल हो गया। चालक के सिर में चोट आई है, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल हालत बेहतर है। घटना में अन्य कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।

500 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी मौके पर

डीएफओ विद्याभूषण सिंह के मुताबिक, नेपानगर रेंज में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसमें बुरहानपुर के अलावा खंडवा, खरगोन और बड़वाह से वन अमला बुलाया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों सहित करीब 500 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी जेसीबी और अन्य संसाधनों के साथ अभियान में जुटे हैं। शनिवार शाम को ही बुरहानपुर पुलिस लाइन में बल एकत्रित कर लिया गया था, जिसके बाद रविवार सुबह से कार्रवाई शुरू की गई। घटना के बाद भी टीम जंगल क्षेत्र में डटी हुई है और अभियान जारी है।

पहले भी चल चुका है बड़ा अभियान

गौरतलब है कि नेपानगर और नावरा रेंज में पिछले कुछ वर्षों में बड़े पैमाने पर वन कटाई और अतिक्रमण के मामले सामने आए थे। करीब ढाई साल पहले प्रशासन ने अभियान चलाकर 1000 से अधिक अस्थायी कब्जे हटाए थे और बड़े स्तर पर पौधारोपण कराया गया था।

फिर शुरू हुई सख्ती, अपात्रों पर कार्रवाई

वन विभाग का कहना है कि पहले नोटिस देकर लोगों को हटने के लिए कहा गया था, लेकिन कई बाहरी लोग अब भी कब्जा किए हुए हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर अब कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पात्र हितग्राहियों को चिंता की जरूरत नहीं है, जबकि बिना वैध दस्तावेज के कब्जा करने वालों को हटाया जाएगा।

कार्रवाई जारी, हालात नियंत्रण में

पथराव की घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए कहा है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story