राजगढ़ः सूने घर से दो लाख नकद व गहने और किचिन से गैस की टंकी चोरी
राजगढ़, 08 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सारंगपुर थाना क्षेत्र में चोरी की दो वारदातें सामने आई हैं। पहली घटना इंदिरा कॉलोनी में हुई, जहां सूने पड़े घर से अज्ञात बदमाश दो लाख रुपये नकद और गहने चोरी कर ले गया। वहीं ग्राम बिगनोदीपुरा स्थित घर की किचिन से गैस की टंकी चोरी होने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, इंदिरा काॅलोनी सारंगपुर निवासी 75 वर्षीय मुन्नीबाई पत्नी इमरतलाल भोई ने बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे परिजनों के साथ शादी समारोह में गई थीं, तभी रात में बदमाश ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। अल्मारी से दो लाख रुपये नकद, 250 ग्राम चांदी की पायजेब, सोने की हाय और एक मोती चोरी कर ले गया। चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग दो लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपित पर धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना ग्राम बिग्नोदीपुरा में हुई, जहां 40 वर्षीय दुर्गाप्रसाद पुत्र सिद्धलाल शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनके घर की ऊपरी मंजिल पर स्थित रसोई से भारत गैस की टंकी चोरी हो गई। फरियादी ने गांव के युवक लखन पुत्र घिसूलाल शर्मा पर चोरी का संदेह जताया है। पुलिस ने संदेही लखन के खिलाफ धारा 331(3) एवं 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है। दोनों मामलों में पुलिस टीम सक्रिय रूप से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों का सुराग मिलने की उम्मीद जताई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

