राजगढ़ः दो घरों में सेंध लगाकर चोरी, एक लाख के गहने ले गए बदमाश

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः दो घरों में सेंध लगाकर चोरी, एक लाख के गहने ले गए बदमाश


राजगढ़, 13 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम कानरखेड़ी में रविवार अलसुबह अज्ञात बदमाशों ने दो घरों की दीवार में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश एक घर से करीब एक लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और दूसरे घर से कपड़ों की पेटी चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने पर मलावर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार बदमाश सोयाबीन के खेत की तरफ से गांव में दाखिल हुए थे। सबसे पहले उन्होंने संतोष पुत्र जगदीश पुरी के घर की दीवार में सेंध लगाई। परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान बदमाश मंगलसूत्र, कान के झुमके, पायल और बिछिया सहित करीब एक लाख रुपए के आभूषण चोरी कर ले गए। इसके बाद बदमाशों ने सुरेश पुत्र प्रेम पुरी के घर को निशाना बनाया। यहां से कपड़ों की पेटी लेकर वे खेतों की ओर भाग गए। बताया जा रहा है कि भागते समय बदमाशों ने नकली आर्टिफिशियल ज्वेलरी सोयाबीन के खेत में फेंक दी।

रात में सुनाई दी थीं संदिग्ध आवाजें

ग्रामीणों के अनुसार रविवार अलसुबह गांव में कई घरों के आसपास संदिग्ध आवाजें सुनाई दी थीं। हालांकि उस समय किसी को चोरी की भनक नहीं लगी। सुबह दोनों घरों में वारदात का पता चलने के बाद ग्रामीणों ने रात की आवाजों को चोरी से जोड़कर देखा। घटना के बाद गांव में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। थाना प्रभारी रजनेश सिरोठिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story