राजगढ़ः खुजनेर चोरी की दो वारदातें, ट्रॉली और 7 क्विंटल सोयाबीन ले गए बदमाश
राजगढ़, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र में चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। ग्राम कल्पोनी में बदमाश मकान के सामने खड़ी ट्रॉली चोरी कर ले गए, वहीं ग्राम बखेड़ में एक घर के बरामदे से सोयाबीन के 14 कट्टे पार कर दिए। पुलिस ने रविवार को दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कल्पोनी निवासी शिवनारायण पुत्र हीरालाल सौंधिया ने शिकायत दर्ज कराई कि बीती रात अज्ञात बदमाश उसके मकान के सामने खड़ी ट्रॉली चोरी कर ले गए। ट्रॉली वर्ष 2016 में बनवाई गई थी। सुबह ट्रॉली नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना कर जांच शुरू की है। दूसरी घटना ग्राम बखेड़ की है।यहां 52 वर्षीय गोवर्धन पुत्र भंवरलाल दांगी ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात अज्ञात बदमाश उसके घर के बरामदे में रखे सोयाबीन के 14 कट्टे चोरी कर ले गए। चोरी गए सोयाबीन का वजन करीब 7 क्विंटल बताया गया है। घटना का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। दोनों घटनाओं के संबंध में पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धारा 303(2)बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस चोरी की घटनाओं को लेकर जांच कर रही है और आरोपितों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

