राजगढ़ः माता मंदिर के पंडा के घर चोरी, 1 लाख से ज्यादा का चढ़ावा ले गए चोर

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः माता मंदिर के पंडा के घर चोरी, 1 लाख से ज्यादा का चढ़ावा ले गए चोर


राजगढ़, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार अलसुबह चोरों ने माता मंदिर के पंडा के घर को निशाना बनाया।

परिवार घर पर ताला लगाकर मोंगिया मोहल्ला स्थित हिंगलाज माता मंदिर में पूजा करने गया था। इसी दौरान अज्ञात चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे और मंदिर की दान पेटी में रखे एक लाख रुपए से अधिक के चढ़ावे, मजदूरी के 60 से 70 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, नाहरदा मंदिर के पास विश्वकर्मा मंदिर के पीछे रहने वाले कन्हैयालाल मोंगिया ने बताया कि दुर्गा नवमी पर परिवार के सभी सदस्य दर्जी गली के पास मोंगिया मोहल्ला स्थित चोंड हिंगलाज माता मंदिर में पूजा करने गए थे। इसी दौरान उनका बेटा ओमप्रकाश अपने चार साल के भांजे दीपक के कपड़े लेने घर पहुंचा। वहां बाहर का ताला टूटा मिला और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। उसने फोन कर परिवार को सूचना दी। मौके पर लोहे की एक रॉड भी मिली।

कन्हैयालाल के मुताबिक, घर के एक कमरे में मंदिर की दान पेटी रखी थी। इसमें करीब दस साल से श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई एक लाख रुपए से अधिक की राशि जमा थी। परिवार इस रकम से मंदिर के लिए जमीन खरीदने की योजना बना रहा था। चोर अधिकांश राशि निकाल ले गए, जबकि पेटी में करीब 70-80 रुपए के खुले सिक्के बचे थे। चोरों ने दूसरे कमरे में रखी गोदरेज की अलमारी का लॉक भी तोड़ दिया। उसमें रखे मजदूरी के 60-70 हजार रुपए, करीब 300 ग्राम चांदी की पायल और आधा तोला सोने की झुमकी चोरी कर ली। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763531 Articles

Share this story