(अपडेट)राजगढ़ः मंत्री पंवार के सूने मकान में चोरी, पेटी तोड़कर 80 हजार रुपए ले गए बदमाश

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट)राजगढ़ः मंत्री पंवार के सूने मकान में चोरी, पेटी तोड़कर 80 हजार रुपए ले गए बदमाश


राजगढ़,2 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया थाना क्षेत्र के ग्राम सेमलापार स्थित राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। गुरुवार रात बदमाश पीछे के कमरे का ताला तोड़कर घर में घुसे और पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे 80 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह मंत्री की पत्नी रामेश्वरी देवी घर पहुंचीं तो चोरी का पता चला। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रामेश्वरी देवी बुधवार को ब्यावरा आ गई थीं, जिससे सेमलापार स्थित मकान सूना था। शुक्रवार सुबह घर पहुंचने पर उन्होंने पीछे के कमरे का ताला टूटा देखा। अंदर पेटी का ताला भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। पेटी में रखे 80 हजार रुपए गायब मिले। उन्होंने परिवार को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मंत्री के छोटे बेटे राजेंद्र पंवार की शिकायत पर सुठालिया पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।

थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने बताया कि चोरों ने पेटी में रखी 80 हजार रुपए की नकदी चोरी की है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। निर्माण कार्य के कारण मकान आसपास से खुला था सेमलापार स्थित मकान में फिलहाल निर्माण कार्य चल रहा है। मकान का कुछ हिस्सा खुला है और आधे हिस्से में भैंसें बांधी जाती हैं। निर्माण कार्य में लगे कुछ मजदूर भी आसपास रहते हैं। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है। मकान और आसपास के घरों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। ऐसे में पुलिस के लिए चोरी का समय और वारदात में शामिल लोगों की संख्या पता करना चुनौती बना हुआ है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों का सुराग तलाश रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761074 Articles

Share this story