राजगढ़ः स्टेशन पर बेसहारा मिली 82 वर्षीय महिला को जीआरपी ने सुरक्षित परिजनों को सौंपा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः स्टेशन पर बेसहारा मिली 82 वर्षीय महिला को जीआरपी ने सुरक्षित परिजनों को सौंपा


राजगढ़, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान मिली 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला जीआरपी ने बुजुर्ग महिला को सही सलामत परिजनों के सुपुर्द किया।

जीआरपी थानाप्रभारी गोपाल सिंह ने रविवार को बताया कि शनिवार को स्टेशन चेकिंग के दौरान बुजुर्ग महिला मिली थी। पूछताछ में वह अपने बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी। इसके बाद पुलिस ने महिला के परिजनों की तलाश के लिए इंस्टाग्राम पर ‘दादा गिलोवर’ और वाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से महिला का फोटो प्रसारित किया। फोटो देखकर महिला के परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद वाट्सऐप वीडियो कॉल के जरिए परिजनों की बुजुर्ग महिला से बात कराई गई। वीडियो कॉल में परिजनों ने महिला की पहचान मिन्दा बाई पत्नी मूलचंद कुशवाहा, निवासी कछियाना मोहल्ला, मुंगावली, जिला अशोकनगर के रूप में की।

महिला के नाती आकाश ने बताया कि उनकी दादी 28 अगस्त को गुना में अपनी बुआ के घर जाने के लिए निकली थीं, लेकिन गुना स्टेशन पर उतर नहीं पाईं। इसके बाद परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला था। सोशल मीडिया पर फोटो देखकर उन्हें जानकारी मिली। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुजुर्ग महिला को सही-सलामत परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिवार ने पुलिस की तत्परता और सोशल मीडिया के माध्यम से की गई मदद के लिए आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story