अनूपपुर में स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर में स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल


अनूपपुर में स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल


अनूपपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवम्बर को अनूपपुर में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्टर रत्नाकर झा ने कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में जिला अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

जिला स्तरीय समारोह का आयोजन सुबह 11 बजे ऑडिटोरियम हॉल, एकलव्य आवासीय विद्यालय अनूपपुर में किया जाएगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने कार्यक्रम को गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान, अतिथियों के बैठने, पेयजल, ध्वनि विस्तारक यंत्र, मंच संचालन, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर रत्नाकर झा ने समारोह के सफल आयोजन के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी को नोडल अधिकारी तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी सहित अन्य जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

उन्होंने जिले के उत्पादों और विभिन्न विभागों की उत्कृष्ट उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी लगाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन कर आयोजन को सफल बनाने को कहा।

स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवम्बर की रात्रि को जिला मुख्यालय के प्रमुख शासकीय भवनों में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने समारोह में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, समाजसेवियों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों तथा शहीद सैनिकों के परिजनों को आमंत्रित करने को कहा।

इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्व-सहायता समूहों और स्टार्टअप के पदाधिकारियों को भी समारोह में आमंत्रित किया जाएगा, ताकि स्थापना दिवस के आयोजन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story