मंदसौर में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता का आगाज, सांसद सुधीर गुप्ता ने किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता का आगाज, सांसद सुधीर गुप्ता ने किया उद्घाटन


मंदसौर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर स्थित उत्कृष्ट स्कूल खेल मैदान में मंगलवार को 70वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता-2026 (बालक 14 वर्ष) का रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों में उत्साह नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की।

समारोह में मुख्य अतिथि सांसद सुधीर गुप्ता रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा डॉ. विजय पाटीदार, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया, लोक शिक्षण भोपाल के ऑब्जर्वर देवेंद्र बाथम और जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला क्रीड़ा अधिकारी घासीलाल जोगचंद ने अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय मंदसौर की छात्राओं ने 'चक दे इंडिया' गीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं और गठित समितियों की रूपरेखा उत्कृष्ट स्कूल के प्राचार्य एवं प्रतियोगिता संयोजक के.सी. सोलंकी ने प्रस्तुत की।

राष्ट्रीय खिलाड़ी राम पाटीदार ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए कहा कि जो बच्चे खेलों से जुड़े होते हैं, उस देश को कोई गुलाम नहीं बना सकता। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार ने अपने संबोधन में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने जीवन में कई चुनौतियों का सामना किया और हॉकी के क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ाया।

इसके बाद सांसद सुधीर गुप्ता ने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। उद्घाटन से पहले टर्फ मैदान एमआईटी चौराहा पर खेले गए लीग मुकाबलों में उज्जैन संभाग ने रीवा संभाग को 13-0 से हराया। वहीं जबलपुर संभाग ने इंदौर संभाग के खिलाफ 1-0 से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों की टीमों ने मार्च पास्ट भी किया। मार्च पास्ट का आयोजन सेंट थॉमस स्कूल मंदसौर के तत्वावधान में किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story