प्रदेश कार्यसमिति में हर वर्ग और क्षेत्र के मुद्दों पर मंथन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर : हेमंत खण्डेलवाल

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश कार्यसमिति में हर वर्ग और क्षेत्र के मुद्दों पर मंथन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर : हेमंत खण्डेलवाल


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ओरछा में कार्यसमिति की बैठक को लेकर प्रेस-ब्रीफिंग को किया संबोधित

भोपाल/ओरछा, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में श्रीराम राजा की नगरी ओरछा में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दाे दिवसीय बैठक के समापन पर साेमवार काे प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने पत्रकार वार्ता काे संबाेधित करते हुए कहा कि बैठक में संगठन और विचारधारा को और मजबूत करने के साथ प्रदेश के विकास को गति देने की रणनीति पर व्यापक मंथन हुआ। पार्टी अब बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर देगी। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक आशीष उषा अग्रवाल उपस्थित रहे।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति में युवा, महिला, किसान, आदिवासी तथा अनुसूचित जाति-जनजाति वर्गों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उद्योग, रोजगार, कृषि, सामाजिक समरसता और क्षेत्रीय विकास जैसे विषय भी बैठक के केंद्र में रहे। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में लिए गए निर्णयों को संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जमीन पर लागू करने की दिशा में काम करेंगे।

सेवा, सुशासन और सामाजिक समरसता पर जोर

प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने बताया कि कार्यसमिति में सेवा, सुशासन, सामाजिक समरसता और मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसमें बुंदेलखंड विकास, गरीब कल्याण, औद्योगिक विकास एवं रोजगार, किसान कल्याण और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करने के साथ सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

‘विकसित भारत-2047’ और समरसता अभियान पर चर्चा

कार्यसमिति में ‘विकसित भारत-2047’ और ‘समरसता का संकल्प’ जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के जरिए समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के लोकसेवा कार्यकाल के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

किसान कल्याण पर विशेष फोकस

प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी कार्यसमिति के सामने रखी। वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाते हुए किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई, बिजली और कृषि उत्पादन में सुधार पर विशेष ध्यान दिए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए भी आगामी वर्ष को समर्पित करने की तैयारी है। लाड़ली बहना योजना के साथ शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, औद्योगिक विकास, जल संरक्षण, सड़क, पर्यटन और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को भी गति देने पर जोर दिया गया है।

केन-बेतवा परियोजना को बुंदेलखंड के लिए अहम बताया

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना बुंदेलखंड के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल और विद्युत सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ओरछा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ बुंदेलखंड में विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी और सरकार मिलकर काम करेंगे।

ओरछा के लिए 100 करोड़ की योजना

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्रीराम हमारे आराध्य हैं। श्रीराम राजा की नगरी ओरछा के विकास के लिए सरकार ने 100 करोड़ रुपए की योजना बनाई है।” उन्होंने कहा कि ओरछा की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यसमिति के समापन के बाद आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी ब्रजगोपाल लोया, राजलखन सिंह, विशाल बत्रा, पवन दुबे, प्रदीप राजोरिया और प्रदेश प्रवक्ता विवेक गुप्ता सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story