राजगढ़ः पटाखों जैसी आवाज निकालने वाली 4 बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः पटाखों जैसी आवाज निकालने वाली 4 बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त


राजगढ़,15 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिलों से निकलने वाली तेज आवाज पर अंकुश लगाने के लिए शहर थाना पुलिस ने रविवार को कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने चेकिंग के दौरान चार बुलेट मोटरसाइकिलों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए हैं। साथ ही संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत वैधानिक चालानी कार्रवाई की गई है।

थाना प्रभारी शिवराजसिंह चाैहान ने बताया कि शहर में कुछ वाहन चालक अपनी बुलेट मोटरसाइकिलों में कंपनी के निर्धारित साइलेंसर की जगह मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर घूमते हैं। इनसे निकलने वाली तेज आवाज के कारण आम नागरिकों, राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। कई बार अचानक तेज आवाज से क्षेत्र में शोर-शराबे की स्थिति बनती है।

ध्वनि प्रदूषण रोकने लगातार होगी कार्रवाई

ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और आमजन को अनावश्यक शोर से राहत दिलाने के उद्देश्य से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चार बुलेट में मॉडिफाइड साइलेंसर मिलने पर उन्हें विधिवत जब्त किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज आवाज करने वाले वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई और चालान किए जाएंगे। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में ध्वनि प्रदूषण कम करना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777648 Articles

Share this story