भोपाल: ड्यूटी के दौरान एसएसबी जवान ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: ड्यूटी के दौरान एसएसबी जवान ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या


भोपाल: ड्यूटी के दौरान एसएसबी जवान ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या


भोपाल, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित सीएसडी कैंप डिपो में ड्यूटी के दौरान एसएसबी के जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल जवान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय जवान संदीप खरमटे के रूप में हुई है। संदीप की पत्नी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे उनकी पति से फोन पर बातचीत हुई थी। संदीप ने उस समय बताया था कि वह ड्यूटी पर हैं। इसके बाद दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई। बुधवार सुबह करीब 4 बजे विभाग की ओर से पत्नी को संदीप की मौत की सूचना दी गई। पुलिस को घटनास्थल से संदीप के पास मराठी भाषा में लिखा एक नोट मिला है। नोट को अनुवाद के लिए भेजा जा रहा है। कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे के मुताबिक नोट में अब तक जो बातें स्पष्ट हो सकी हैं, उनमें संदीप ने पत्नी से माफी मांगी है। साथ ही निजी कारणों से आत्महत्या करने की बात लिखी है।

पुलिस के मुताबिक, सुसाइड नोट का पूरा अनुवाद होने के बाद आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों के विस्तृत बयान अभी दर्ज नहीं किए जा सके हैं। पुलिस जवान के साथियों और विभागीय अधिकारियों से भी पूछताछ कर रही है। शव को हमीदिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया गया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story