अशोकनगर में एक दिन में 24 से अधिक गुमशुदगी के मामले दर्ज, पुलिस ने शुरू की तलाश

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर में एक दिन में 24 से अधिक गुमशुदगी के मामले दर्ज, पुलिस ने शुरू की तलाश


अशोकनगर, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में एक ही दिन में बड़ी संख्या में गुमशुदगी के मामले सामने आने से पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से विवाहित महिलाओं, पुरुषों और नाबालिग बालिकाओं सहित 24 से अधिक लोगों के लापता होने की शिकायतें दर्ज की गई हैं। पुलिस ने सभी मामलों में गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के घर से बिना बताए चले जाने अथवा लापता होने की सूचना मिली। इनमें वयस्क महिला-पुरुषों के साथ कई नाबालिग बालिकाएं भी शामिल हैं, जिनके मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है।

थाना क्षेत्रवार दर्ज मामले

सिटी कोतवाली: 3 पुरुष, 1 विवाहित महिला और 1 नाबालिग बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई।

देहात थाना: 2 पुरुष और 2 महिलाओं के गुमशुदा होने की सूचना मिली।

शाढ़ौरा थाना: यहां सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए। 1 युवक, 4 महिलाएं और 2 नाबालिग बालिकाएं लापता बताई गई हैं।

चंदेरी थाना: 3 विवाहित महिलाओं और 2 बालिकाओं के गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज हुई।

ईसागढ़ थाना: 1 पुरुष और 2 महिलाओं के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई।

बहादुरपुर थाना: 1 विवाहित महिला और 1 नाबालिग बालिका के गायब होने का मामला सामने आया।

सेहराई थाना: 1 महिला के लापता होने की सूचना दर्ज की गई।

लगातार सामने आ रहे गुमशुदगी के मामलों ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है और लापता लोगों की तलाश के लिए संबंधित थाना पुलिस सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है। आवश्यकता के अनुसार अन्य जिलों की पुलिस और तकनीकी संसाधनों की भी मदद ली जा रही है।

इधर, जिले में हाल के दिनों में गंभीर आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी के बीच एक ही दिन में इतनी अधिक गुमशुदगी की शिकायतें दर्ज होने से कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story