अनूपपुर: खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौके पर मौत

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौके पर मौत


अनूपपुर: खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौके पर मौत


अनूपपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर शुक्ला ढाबा के समीप गुरुवार शाम भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मनेंद्रगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे पंचर बनवा रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक को गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार 26 नवंबर की शाम शुक्ला ढाबा के पास स्थित पंचर दुकान पर ट्रक क्रमांक एमपी 15 एचए 1445 पंचर बनवा रहा था। इसी दौरान मनेंद्रगढ़ की ओर से आ रही बाइक क्रमांक एमपी 65 जेडसी 1787 अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक शुभम यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 और 1033 पर कॉल कर पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद 1033 की सहायता से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया गया।

मृतक की पहचान शुभम यादव, माता सीमा यादव, निवासी कुशियारा फाटक, जमुना के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, युवक अनूपपुर थर्मल पावर प्लांट में गार्ड की नौकरी के सिलसिले में गया था। इसी दौरान उसके साथ यह हादसा हो गया। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में जांच की जा रही है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story