श्योपुर जिले में खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, दो दोस्तों की मौत, तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
श्योपुर जिले में खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, दो दोस्तों की मौत, तीन घायल


श्योपुर जिले में खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, दो दोस्तों की मौत, तीन घायल


- ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे पांच दोस्त, कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

श्योपुर, 14 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। समरसा आरटीओ बैरियर के पास रात करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार एमजी हेक्टर कार सड़क किनारे खड़े धान से भरे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

जानकारी के अनुसार, कार में पांच दोस्त सवार थे, जो ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे। हादसे में यश गर्ग (30) और राहुल शर्मा (35) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुमित कुशवाहा, सुरेंद्र और सुग्रीव सुमन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार की हालत देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत कार्य में मदद की। काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दो घायलों को कोटा, एक को माधोपुर भेजा

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सुमित कुशवाहा और सुरेंद्र को बेहतर उपचार के लिए कोटा रेफर किया गया है। वहीं, सुग्रीव सुमन को माधोपुर भेजा गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए हैं। शनिवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

मृतक राहुल बैंक कर्मचारी, यश की थी बर्तन की दुकान

मानपुर थाना प्रभारी सतीश दुबे ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस ने रात में ही ट्रक जब्त कर लिया था। मृतक राहुल शर्मा आईडीबीआई बैंक में कर्मचारी थे। उनके परिवार में दो छोटी बेटियां हैं। वहीं, यश गर्ग गणेश बाजार में बर्तन की दुकान संचालित करते थे और दो भाइयों में सबसे बड़े थे।

कार में सवार सुमित कुशवाहा असिस्टेंट मैनेजर हैं, जबकि सुग्रीव सुमन और सुरेंद्र भी आईडीबीआई बैंक में कर्मचारी बताए गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। फिलहाल मानपुर थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776829 Articles

Share this story