अनूपपुर: तेज रफ्तार कार पलटने से दो महिलाओं की मौत, 10 घायल

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: तेज रफ्तार कार पलटने से दो महिलाओं की मौत, 10 घायल


अनूपपुर, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार-शनिवार की रात सड़क हादसे में दो महिलाओं की मृत्यु हो गई, जबकि लगभग 10 लोग घायल हो गए। हादसा आमाडांड गांव स्थित स्टेट हाईवे पर हुआ, जहां एक कार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक एमपी 65 बी बी 0776 में सवार सभी लोग दशगात्र कार्यक्रम से छत्तीसगढ़ से वापस ग्राम डोला लौट रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात्रि तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुमित कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे,और पुलिस ने डायल 112 और एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक स्थिति में किसी की मौत नहीं हुई थी, उपचार के दौरान 39 वर्षीय हेमवती पाव पति अर्जुन सिंह पाव निवासी डोला थाना रामनगर की आमाखेरवा अस्पताल मनेंद्रगढ़ छ्ग में मौत हो गई। वहीं 35 वर्षीय माया पाव पति रमेश पाव निवासी डोला ने बिजुरी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में दुआसा बाई, चमेली बाई, जागोलिया बाई, हुबलाल केवट, मनीषा बैगा, विमला पाव तथा हरिप्रसाद प्रजापति सहित अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story