अनूपपुर: तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकराई, दो युवक घायल
अनूपपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर शनिवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। फुनगा चौकी अंतर्गत ग्राम कदमटोला के पास एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई।
घायलों में अरुण केवट और आकाश केवट है। इस घटना में आकाश केवट का एक पैर टूट गया, जबकि अरुण केवट के हाथ, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी शिवांश सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपने निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की स्थिति स्थिर होने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए बड़े केंद्र रेफर किया जा सकता है। फुनगा पुलिस चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों की जानकारी ली।
बताया गया है कि दोनों युवक अमलाई पयारी गांव के निवासी हैं और दूर के रिश्तेदार हैं। वे दोपहर में अपने गांव से बदरा किसी काम के सिलसिले में जा रहे थे। कदमटोला गांव के पास सड़क मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। फिलहाल, फुनगा पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

