मंदसौर: भगवान पशुपतिनाथ लोक बना आस्था, संस्कृति और आधुनिक सुविधाओं का अद्भुत संगम
मंदसौर, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के प्रमुख आस्था केंद्र भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में विकसित भगवान पशुपतिनाथ लोक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 29 जनवरी 2026 को इसका लोकार्पण किया गया था। प्रथम चरण में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह भव्य लोक अब बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
पशुपतिनाथ लोक ने मंदिर परिसर की सुंदरता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। पहले से ही आस्था का केंद्र रहे इस परिसर को अब आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक संरचनाओं के साथ विकसित किया गया है। पास ही बहने वाली शिवना नदी की जलधारा इस स्थल की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगाती है।
मंदसौर कलेक्टर और मंदिर प्रबंध समिति की अध्यक्ष अदिती गर्ग ने रविवार को बताया कि लोक में स्थापित 22 फीट ऊंचा त्रिनेत्र रुद्राकनी श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है। इसके मध्य में स्थापित रुद्राक्ष भगवान शिव के त्रिनेत्र स्वरूप का दिव्य आभास कराता है, जो दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लोक में चार विशाल एवं व्यवस्थित प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जिससे विभिन्न दिशाओं से आने वाले भक्तों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है। यहां निर्मित ओपन एयर थिएटर सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन का प्रमुख स्थल बन चुका है। यहां समय-समय पर रंगमंचीय प्रस्तुतियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा दे रहे हैं।
सुविधाओं का विशेष ध्यान
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में कई आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं— भीड़ के समय आराम हेतु प्रतीक्षालय, आपात स्थिति के लिए प्राथमिक चिकित्सा कक्ष, स्वच्छ एवं व्यवस्थित पाथवे, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, हरित वातावरण के लिए उद्यान क्षेत्र। मंदिर परिसर में बनाई गई म्यूरल वॉल्स पर भगवान शिव की लीलाओं की अद्भुत नक्काशी की गई है। साथ ही पशुपतिनाथ महादेव के इतिहास पर आधारित सुंदर पेंटिंग्स भी दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। शिव स्तंभ एवं सत्संग भवन इस लोक को और भी आध्यात्मिक आयाम प्रदान करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

