अनूपपुर: एसपी विक्रांत मुराब प्रशिक्षण पर रवाना, अंकित सोनी संभालेंगे अनूपपुर का प्रभार

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: एसपी विक्रांत मुराब प्रशिक्षण पर रवाना, अंकित सोनी संभालेंगे अनूपपुर का प्रभार


अनूपपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब हैदराबाद में प्रशिक्षण के लिए रवाना हो गए हैं। उनके प्रशिक्षण पर रहने के दौरान जिले के पुलिस अधीक्षक का प्रभार भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 2017 बैच के अधिकारी अंकित सोनी संभालेंगे। वह 26 अक्टूबर से प्रभार ग्रहण करेंगे। सोनी वर्तमान में भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) के पद पर पदस्थ हैं। शासन ने रविवार को सूची जारी कर दी हैं।

गुना एसपी के रूप में रहे चर्चा में

अंकित सोनी मध्य प्रदेश कैडर के 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। अप्रैल 2025 में उन्हें गुना जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया था। उस दौरान जिले में सांप्रदायिक तनाव की घटनाओं के बीच उन्हें कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अपने कार्यकाल के दौरान वह अपराध नियंत्रण और लापता बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने जैसे मामलों को लेकर भी चर्चा में रहे।

मार्च 2026 में हुआ था तबादला

मार्च 2026 में गुना में तलाशी अभियान के दौरान जब्त नकदी से जुड़े मामले में कथित अनियमितताओं और वरिष्ठ अधिकारियों को सही जानकारी नहीं दिए जाने के आरोप सामने आए थे। इस मामले के बाद उन्हें गुना पुलिस अधीक्षक के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय, भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया था।

अब अंकित सोनी को 26 अक्टूबर से 20 नंवबर तक अनूपपुर जिले के पुलिस अधीक्षक का प्रभार सौंपे जाने से उनके सामने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766698 Articles

Share this story