अनूपपुर: प्रशिक्षण से लौटे एसपी ने संभाला पदभार, अपराध समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
अनूपपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने एक माह के प्रशिक्षण के बाद पुनः पदभार ग्रहण करते ही मंगलवार को जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के लंबित अपराधों, महिला संबंधी अपराधों, पॉक्सो एक्ट के प्रकरणों, लंबित मर्ग एवं चालानों की थानावार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चिन्हित अपराधों एवं महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए उनका शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही एससी/एसटी राहत प्रकरणों एवं लंबित चालानों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने, पॉक्सो एक्ट के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने तथा स्थायी वारंटों की अधिकाधिक तामीली सुनिश्चित करने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का करें त्वरित निराकरण
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को सीएम हेल्पलाइन एवं समाधान ऑनलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। चरित्र सत्यापन एवं पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने, थानों में दर्ज निगरानी बदमाशों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने तथा एनडीपीएस एक्ट के मामलों पर प्रभावी नियंत्रण रखने को कहा। इसके अलावा रात्रि गश्त के पॉइंट बढ़ाने और पुलिस गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
अनसुलझे अपराधों के निराकरण पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने अनसुलझे हत्या एवं बलात्कार के प्रकरणों का शीघ्र खुलासा करने, धारा 173(8) के तहत लंबित प्रकरणों की विवेचना पूर्ण करने तथा स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की अधिकाधिक तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मोबाइल गुम होने अथवा साइबर अपराध संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जाए। साथ ही ई-जीरो एफआईआर एवं ई-एफआईआर के माध्यम से नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों को प्रतिदिन थाना प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा करने तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को प्रत्येक दो दिवस में थाना प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम, एसडीओपी पुष्पराजगढ़ दीपक मरावी, डीएसपी एन.एस. ठाकुर, रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे, जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

